मेघालय पुलिस से हुई मुठभेड़ में अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य ढेर

मेघालय पुलिस से हुई मुठभेड़ में अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य ढेर

मेघालय पुलिस से हुई मुठभेड़ में अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य ढेर
Modified Date: August 30, 2026 / 10:49 pm IST
Published Date: August 30, 2026 10:49 pm IST

शिलांग, 30 अगस्त (भाषा) मेघालय के ईस्ट गारो हिल्स जिले में रविवार तड़के सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में अपहरण, रंगदारी और लूटपाट में शामिल एक अंतर-राज्यीय गिरोह के चार सदस्य ढेर हो गए।

ईस्ट गारो हिल्स के पुलिस अधीक्षक पवार एस वसंतराव ने बताया कि यह गिरोह मेघालय और असम में सक्रिय था और फिरौती के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड के अधिकारियों के अपहरण की साजिश रच रहा था।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ तड़के करीब चार बजे हुई जब आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम ने हथियारबंद लोगों के सोंगसाक की ओर जाने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद डगल-सोंगसाक मार्ग पर नाकाबंदी की।

उन्होंने कहा, ‘‘ टीम ने जब जांच के लिए एक वाहन को रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस को आत्मरक्षा में गोलीबारी करनी पड़ी। पुलिस की गाड़ी को भी गोलियों से नुकसान पहुंचा है।’’

एसपी ने बताया, ‘‘जवाबी गोलीबारी में वाहन में सवार चारों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान नॉर्थ गारो हिल्स के अलासन मारक और असम के गोलपाड़ा जिले के सुस्तम राभा, कलाम अली और बोबिदुल इस्लाम के तौर पर हुई है।

उन्होंने बताया कि गाड़ी से दो पिस्तौल (जिनमें से एक पर ‘बेरेटा’ लिखा था) और जिंदा कारतूस तथा गोली के खोखे बरामद किए गए।

वसंतराव ने कहा कि मारक कथित तौर पर हाल ही में हुई डमरा फ़ायरिंग की घटना का मुख्य आरोपी था, जिसमें एक व्यापारी की मौत हो गई थी।

वसंतराव ने बताया कि मारक कथित तौर पर हाल ही में डमरा में हुई गोलीबारी की घटना में मुख्य आरोपी था, जिसमें एक व्यवसायी की मौत हो गई थी।

उन्होंने कहा कि राभा के खिलाफ असम और मेघालय में कई आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें डकैती, अपहरण और शस्त्र अधिनियम के तहत अपराध शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि अली कथित तौर पर असम के कृष्णई पुलिस थाने में दर्ज अपहरण, जबरन वसूली और मारपीट से जुड़े एक मामले में शामिल था।

भाषा संतोष जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में