उप्र: प्रयागराज में स्वामी नारायण मंदिर का भवन ढहने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
उप्र: प्रयागराज में स्वामी नारायण मंदिर का भवन ढहने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
प्रयागराज, 30 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में स्वामी नारायण मंदिर परिसर में शुक्रवार रात तीन मंजिला इमारत ढहने के मामले में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के जोनल अधिकारी की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
जॉर्ज टाउन थाने में शनिवार को प्राधिकरण के जोनल अधिकारी देवेंद्र कुमार मिश्रा की तहरीर पर शिवम चौहान, प्रताप चौहान और नम्रता चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 290 (इमारतों के गिराने, मरम्मत या निर्माण में लापरवाही) और धारा 324(5) (संपत्ति को जानबूझकर नुकसान पहुंचाना) तथा शहरी नियोजन एवं विकास अधिनियम की धारा 26 के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शिवम चौहान, उनके पिता प्रताप चौहान और मां नम्रता चौहान ने एक होटल का नक्शा स्वीकृत कराया था, जिसमें दो ‘बेसमेंट’ के साथ नौ मंजिला होटल बनाने की अनुमति दी गई थी तथा स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने पहले बेसमेंट के लिए खुदाई का काम शुरू किया।
प्राथमिकी के अनुसार, निर्माण स्थल से सटा एक पुराना मंदिर था, जिसकी नींव और दीवारें पहले से कमजोर थीं।
प्राथमिकी में बताया गया कि मंदिर के पुजारी और होटल मालिक के बीच एक समझौता हुआ था कि मंदिर की दीवार हटाकर उसका दोबारा निर्माण कराया जाएगा। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि इससे पहले ही ‘बेसमेंट’ के लिए खुदाई शुरू कर दी गई और बारिश के कारण खुदाई वाले गड्ढे में पानी भर गया, जिससे मंदिर की दीवार गिर गई।
प्राथमिकी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि होटल मालिक द्वारा ‘बेसमेंट’ की खुदाई के दौरान निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण मंदिर की दीवार क्षतिग्रस्त होकर गिर गई।
भाषा राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


