गोवा: कांग्रेस नेता केतन भाटीकर का सर्पदंश से निधन, सावंत और केजरीवाल ने शोक व्यक्त किया

गोवा: कांग्रेस नेता केतन भाटीकर का सर्पदंश से निधन, सावंत और केजरीवाल ने शोक व्यक्त किया

गोवा: कांग्रेस नेता केतन भाटीकर का सर्पदंश से निधन, सावंत और केजरीवाल ने शोक व्यक्त किया
Modified Date: May 15, 2026 / 02:17 pm IST
Published Date: May 15, 2026 2:17 pm IST

पणजी, 15 मई (भाषा) कांग्रेस की गोवा ईकाई के नेता डॉ. केतन भाटीकर का सर्पदंश से निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

भाटीकर हाल में रद्द हुए पोंडा विधानसभा उपचुनाव में पार्टी का मुख्य चेहरा थे।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और राज्य के दौरे पर आए आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाटीकर के निधन पर शोक व्यक्त किया।

भाटीकर के साथ यह घटना बृहस्पतिवार रात को उस समय घटी, जब वह कर्नाटक के दांडेली गांव जा रहे थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘भाटीकर किसी कारणवश गोवा-कर्नाटक सीमा पर स्थित करमल घाट पर वाहन से नीचे उतरे थे, तभी उन्हें सांप ने काट लिया। उन्हें तुरंत गोवा के धारबांदोरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’

भाटीकर फोंडा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार थे, जिसे उच्च न्यायालय के एक फैसले के बाद रद्द कर दिया गया था। उन्होंने विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) के माध्यम से उच्च न्यायालय के इस आदेश को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी थी, जो फिलहाल लंबित है।

मुख्यमंत्री सावंत ने भाटीकर को श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को चिकित्सा जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक संदेश में उन्होंने कहा, ‘प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. केतन भाटीकर के असामयिक निधन की खबर से गहरा सदमा और दुख पहुंचा है। इस अत्यंत कठिन समय में मेरी हार्दिक संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें।’

गोवा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यूरी अलेमाओ ने भाटीकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

अलेमाओ ने कहा, ‘‘जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।’’

गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) ने भी अपने नेता को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘हम पार्टी नेता डॉ. केतन भाटीकर के निधन से गहरे दुख में हैं। सार्वजनिक सेवा के प्रति उनके समर्पण और समाज के लिए उनके योगदान को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।’

अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘गोवा के जाने-माने और प्रमुख नेता डॉ. केतन भाटीकर के अचानक निधन के बारे में जानकर स्तब्ध और दुखी हूं। दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार, प्रियजनों और समर्थकों के प्रति मेरी सच्ची संवेदनाएं हैं। ओम् शांति।’

भाषा

सुमित वैभव

वैभव


लेखक के बारे में