कांग्रेस नेताओं वडिंग और खैरा पर ‘जालसाजी’ का आरोप

कांग्रेस नेताओं वडिंग और खैरा पर 'जालसाजी' का आरोप

कांग्रेस नेताओं वडिंग और खैरा पर ‘जालसाजी’ का आरोप
Modified Date: November 29, 2022 / 08:23 pm IST
Published Date: September 4, 2022 12:09 am IST

चंडीगढ़, तीन सितंबर (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और पार्टी विधायक सुखपाल सिंह खैरा पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जाली हस्ताक्षर वाले फर्जी लेटरहेड पर विभिन्न बोर्ड और निगमों के अध्यक्षों की नियुक्तियों की सूची साझा करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

प्राथमिकी दर्ज होने पर दोनों नेताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे, “मूर्खता” करार दिया।

पुलिस ने कहा कि कांग्रेस के दोनों नेताओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं-465 (जालसाजी), 471 (जाली दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल करना) और आईटी अधिनियम की धारा 66-डी के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी (आप) की एसएएस नगर जिलाध्यक्ष प्रभजोत कौर की शिकायत पर फेज-एक थाना एसएएस नगर में मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने ट्विटर पर देखा कि वडिंग और खैरा ने अपने आधिकारिक ट्विटर पेज पर पंजाब सरकार द्वारा नियुक्त (विभिन्न बोर्डों और निगमों के) अध्यक्षों के नाम का विवरण देते हुए एक “फर्जी दस्तावेज” साझा किया।

भाषा फाल्गुनी सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में