कांग्रेस ने सभी समुदायों के नेताओं को मुख्यमंत्री बनाया; दलित भी पहुंचेंगे शीर्ष पद तक : सिद्धरमैया
कांग्रेस ने सभी समुदायों के नेताओं को मुख्यमंत्री बनाया; दलित भी पहुंचेंगे शीर्ष पद तक : सिद्धरमैया
बेंगलुरु, 22 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि कांग्रेस का विभिन्न समुदायों के नेताओं को मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाने का एक सिद्ध और प्रमाणित रिकॉर्ड है और उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के जरिये भविष्य में कोई दलित नेता भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
पार्टी की वैचारिक नींव पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लगातार क्रियान्वित किया है, और जातिगत सीमाओं से परे नेताओं को सशक्त बनाया है।
सिद्धरमैया ने मीडिया में जारी एक बयान में कहा, ‘‘कांग्रेस सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित पार्टी है। यह वैचारिक प्रतिबद्धता केवल शब्दों से ही नहीं, बल्कि कार्यों से भी प्रदर्शित होती है। कर्नाटक में वोक्कालिगा, लिंगायत और पिछड़े वर्ग के लोग कांग्रेस पार्टी के माध्यम से मुख्यमंत्री बने हैं।’’
राज्य के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने के अपने सफर पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “यह कांग्रेस ही है, जिसने पिछड़े वर्ग से आने वाले मुझ जैसे व्यक्ति को पहचाना और मुझे दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया। इसके लिए मैं पार्टी नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आभारी हूं।”
सिद्धरमैया ने कहा कि दलित समुदाय के ऐसे नेता भी कांग्रेस पार्टी में हैं, जो केवल जाति के बल पर नहीं, बल्कि योग्यता के बल पर मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
उन्होंने कहा, “मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि यदि भविष्य में दलित समुदाय से कोई मुख्यमंत्री बनता है, तो यह केवल कांग्रेस के जरिये ही संभव होगा।”
उन्होंने कहा कि केवल इसी पार्टी ने योग्यता और सामाजिक प्रतिबद्धता के आधार पर ऐसे अवसर प्रदान किए।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


