कांग्रेस सांसद रवि ने ‘शुद्धीकरण’ मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की

Ads

कांग्रेस सांसद रवि ने ‘शुद्धीकरण’ मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:03 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:03 PM IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सभा स्थल का कथित तौर पर किए गए ‘‘शुद्धीकरण’’ को लेकर श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडे और 15 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

रवि ने संसद मार्ग थाने में दी गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पांडे और 15 अज्ञात लोगों ने ‘‘आपराधिक साजिश’’ के तहत आठ अगस्त को खरगे के वहां सभा को संबोधित करने के दो दिन बाद, 10 अगस्त को रामलीला मैदान में यज्ञ किया और गंगाजल का छिड़काव किया।

उनके साथ कांग्रेस के कई और दलित सांसद तथा नेता थाने पहुंचे थे।

रवि ने आरोप लगाया कि ‘शुद्धीकरण’ का कृत्य अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों के सदस्यों का अपमान और उन्हें नीचा दिखाने के उद्देश्य से किया गया तथा यह समानता और अस्पृश्यता उन्मूलन की संवैधानिक गारंटी के खिलाफ है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना से उनकी और उनके समुदाय के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

कांग्रेस सांसद ने पुलिस से मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

भाषा हक दिलीप

दिलीप