नयी दिल्ली/भोपाल, 11 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए शनिवार को घनश्याम सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दतिया विधानसभा क्षेत्र से घनश्याम सिंह की उम्मीदवारी को मंजूरी प्रदान की।
दतिया सीट पर घनश्याम सिंह का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी से होगा।
घनश्याम सिंह दतिया की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा माने जाते हैं। वह दो बार विधायक रह चुके हैं और उनका संबंध दतिया राजघराने से है।
इस बीच, दतिया सीट पर भाजपा को आंतरिक कलह का भी सामना करना पड़ रहा है।
पार्टी द्वारा पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जो कुछ स्थानों पर हिंसक हो गया।
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता धोखाधड़ी के एक मामले में दोषसिद्धि के बाद समाप्त होने के कारण आवश्यक हो गया है।
इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान और तीन अगस्त को मतगणना होगी।
भाषा हक जितेंद्र
जितेंद्र