तेलंगाना विधानपरिषद चुनाव के लिए कांग्रेस ने राममोहन रेड्डी, सर्वोत्तम रेड्डी को उम्मीदवार बनाया

Ads

तेलंगाना विधानपरिषद चुनाव के लिए कांग्रेस ने राममोहन रेड्डी, सर्वोत्तम रेड्डी को उम्मीदवार बनाया

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 05:03 PM IST

हैदराबाद, 30 सितंबर (भाषा) तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अगले साल मार्च में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से विधानपरिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए एस राममोहन रेड्डी और आर. सर्वोत्तम रेड्डी को उम्मीदवार घोषित किया है।

पार्टी ने महबूबनगर-रंगा रेड्डी-हैदराबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राममोहन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है। वह प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख रह चुके हैं।

कांग्रेस की ओर से मंगलवार देर रात जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि सर्वोत्तम रेड्डी को नलगोंडा-खम्मम-वारंगल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

सर्वोत्तम रेड्डी कांग्रेस नेता और मंत्री रहे दिवंगत आर. दामोदर रेड्डी के बेटे हैं। वह किसान एवं उद्यमी हैं। उन्होंने हैदराबाद स्थित उस्मानिया विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका से एमबीए किया और कॉरपोरेट क्षेत्र में काम किया।

चुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है और मतदान के लिए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया फिलहाल जारी है।

बाद में, राममोहन रेड्डी और सर्वोत्तम रेड्डी ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की तथा कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर उन्हें चुनाव मैदान में उतारने के लिए उनका धन्यवाद किया।

कांग्रेस की एक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने उन्हें मतदाता पंजीकरण और चुनाव प्रचार के बारे में सुझाव दिए।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन