नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र के आगामी 13 सितंबर को मणिपुर का दौरा करने को संभावना को लेकर मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री ने यह कदम उठाने में बहुत देर कर दी।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि मणिपुर में हिंसा शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री आज तक चुप हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के 13 सितंबर को मिजोरम और मणिपुर आने की संभावना है। आइजोल में अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘ऐसा प्रतीत होता है कि प्रधानमंत्री आखिरकार 13 सितंबर को संक्षिप्त रूप से मणिपुर का दौरा करने का साहस और हमदर्दी जुटा पा रहे हैं। लेकिन यह बहुत देर बाद बहुत कम किए जाने का का मामला हो सकता है।’
उन्होंने कहा कि तीन मई, 2023 को मणिपुर में हिंसा शुरू हुई और इसके बाद से राज्य में तथाकथित डबल इंजन सरकार थी।
रमेश ने कहा, ‘हिंसा शुरू होने के ठीक 15 महीने पहले ही विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों को बड़ा जनादेश मिला था, लेकिन इस जनादेश के साथ भी, तथाकथित डबल इंजन सरकार अपनी ही साजिशों के कारण पूरी तरह से पटरी से उतर गई।’
उन्होंने कहा, ‘सैकड़ों लोग मारे गए। हजारों लोग विस्थापित हुए। हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। सामाजिक समरसता पूरी तरह नष्ट हो गयी है। डर और संदेह का माहौल है। फिर भी प्रधानमंत्री चुप हैं।
रमेश ने कहा कि एक अगस्त, 2023 को उच्चतम न्यायालय ने कहा कि राज्य में संवैधानिक मशीनरी पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है, तब भी प्रधानमंत्री चुप रहे।
भाषा हक अविनाश माधव
माधव