भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में कांग्रेस का जम्मू कश्मीर में प्रदर्शन
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में कांग्रेस का जम्मू कश्मीर में प्रदर्शन
जम्मू, छह मार्च (भाषा) कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ 9 मार्च को विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन करने की शुक्रवार को घोषणा की। वहीं कांग्रेस इकाई के प्रमुख तारिक हमीद कर्रा ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग की है।
कर्रा ने आर एस पुरा सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार समझौते के खिलाफ एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने ‘आत्मसमर्पण’ कर दिया है और राष्ट्र की गरिमा, सम्मान और हितों से समझौता किया है।
उन्होंने कहा, “हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हैं क्योंकि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है और अमेरिकी व्यापार समझौते में देश की गरिमा, सम्मान और हितों से समझौता किया है तथा विदेश नीति को लेकर अमेरिकी दबाव के आगे झुक गए हैं।”
कर्रा ने व्यापार समझौते को “किसान विरोधी और जनविरोधी” करार दिया और आरोप लगाया कि यह देश के हितों के खिलाफ है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने एप्स्टीन फाइल और अमेरिका में उद्योगपति गौतम अदाणी से जुड़े एक मामले से संबंधित खुलासों के डर से अमेरिका के सामने घुटने टेक दिए।
कर्रा ने यह भी दावा किया कि भारत की स्थापित विदेश नीति से मौजूदा सरकार के तहत समझौता किया गया है और देश ने कई अंतरराष्ट्रीय मित्र खो दिए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर चिंता जतायी है और आरोप लगाया है कि देश के हित दांव पर लगे हैं।
उन्होंने कहा कि संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत के साथ ही नौ मार्च को कांग्रेस जम्मू कश्मीर के जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन करेगी।
कर्रा ने कहा कि कांग्रेस व्यापार समझौते का विरोध करने और जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए एक यात्रा आयोजित करने की भी योजना बना रही है।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


