कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए सात उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की
कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए सात उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की
नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने असम में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सात उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची शुक्रवार को जारी कर दी। सूची में एक मौजूदा विधायक का नाम हटा दिया गया है जबकि गठबंधन सहयोगी रायजोर दल के लिए 11 सीट छोड़ी गई हैं।
कांग्रेस 126 सदस्यीय असम विधानसभा चुनाव के लिए कुल 94 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी छह दलों के गठबंधन का हिस्सा है।
पार्टी ने इससे पहले घोषणा की थी कि वह अपने सहयोगियों के लिए 15 सीट छोड़ेगी।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन किया है।
तिताबर से निवर्तमान विधायक भास्कर बरुआ की जगह प्राण कुर्मी को लिया गया है।
जोरहाट निर्वाचन क्षेत्र से सटे तिताब से कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई चुनाव लड़ रहे हैं। यह क्षेत्र पारंपरिक रूप से गोगोई परिवार का गढ़ रहा है और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई भी इससे पहले इसका प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
पार्टी ने जालुकबारी में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को टक्कर देने के लिए बिदिशा नियोग को नामित किया है।
राज्य के एनएसयूआई अध्यक्ष जॉय प्रकाश दास नोबोइचा से चुनाव लड़ेंगे, जबकि उदलगुरी जिला युवा कांग्रेस प्रमुख रोहित परिगा टांगला से चुनाव लड़ेंगे। महमोरा से ज्ञानदीप मोहन को मैदान में उतारा गया है। घोषित किए गए अन्य उम्मीदवारों में बिश्वनाथ से जयंत बोरा और हैलाकांडी से राहुल रॉय के नाम शामिल हैं।
गठबंधन सहयोगियों में रायजोर दल के लिए छोड़ी गई सीट में मानस, जलगांव, थिंग, कालियाबोर, तेजपुर, सिसिबारगांव, मार्गेरिटा, डिगबोई, शिवसागर, मरियानी और बोकाखात शामिल हैं।
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की थी, जिसमें चार मौजूदा विधायक हैं। उनमें से दो प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), असम जातीय परिषद और भाकपा (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन समेत विपक्षी दलों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही है। रायजोर दल के साथ बातचीत अभी जारी है।
कांग्रेस ने तीन मार्च को 42 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची और शनिवार को 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी।
पार्टी ने असम में अपने गठबंधन सहयोगियों के लिए 15 सीट छोड़ी हैं। पहली दो सूचियों में शामिल उम्मीदवारों में कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई का जोरहाट से, विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया का नाजिरा से और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा का बरचल्ला से नाम शामिल है।
कांग्रेस 2016 से इस पूर्वोत्तर राज्य में सत्ता से बाहर है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश करेगी।
निवर्तमान विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के नौ विधायक, यूपीपीएल के सात और बीपीएफ के तीन विधायक हैं।
विपक्ष में कांग्रेस के 26 विधायक, एआईयूडीएफ के 15 विधायक और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक विधायक हैं। एक निर्दलीय विधायक भी हैं।
असम विधानसभा की 126 सीट के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे। मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा
सुरभि देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


