राजस्थान में कांग्रेस एकजुट, विधानसभा चुनाव जीतेंगे : प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा

Ads

राजस्थान में कांग्रेस एकजुट, विधानसभा चुनाव जीतेंगे : प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा

  •  
  • Publish Date - July 11, 2023 / 01:12 PM IST,
    Updated On - July 11, 2023 / 01:12 PM IST

जयपुर, 11 जुलाई (भाषा) राजस्थान में कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी को बहुत ही संतुलित बताते हुए पार्टी की राज्य इकाई में किसी तरह की खेमेबाजी की अटकलों को मंगलवार को खारिज कर दिया और दावा किया कि राज्य में कांग्रेस एकजुट है, एकजुट रहेगी और आगामी विधानसभा चुनाव जीतेगी।

सोमवार की रात को कांग्रेस आलाकमान ने राजस्‍थान में पार्टी संगठन में बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की। इसके तहत राज्‍य संगठन में 21 उपाध्यक्ष, 48 महासचिव व 122 सचिव बनाए गए हैं। साथ ही 25 जिलों में जिलाध्यक्ष भी नियुक्त कर दिए गए हैं।

इन नियुक्तियों में पार्टी के सभी ‘खेमों’ में संतुलन साधने की कोशिश के सवाल पर डोटासरा ने मंगलवार को यहां संवाददताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस में कोई खेमा नहीं है। कांग्रेस में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का ही खेमा है। सब कांग्रेस के सिपाही हैं। इसलिए मैं मीडिया से आग्रह करूंगा कि वह आज के बाद राजस्थान में किसी खेमे, गुट या नेता की बात नहीं करे, कांग्रेस की बात करे।’’

उन्‍होंने कहा, ‘‘कांग्रेस एकजुट है, एकजुट रहेगी। हम विधानसभा चुनाव जीतेंगे। 2024 में हम केंद्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को हटाकर रहेंगे।’’

राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

डोटासरा ने नई कार्यकारिणी को बहुत ही संतुलित बताते हुए कहा कि इसमें लगभग 60 प्रतिशत युवा हैं और सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व मिला है। उन्होंने कहा कि वह अपनी नई टीम के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्‍य सरकार के कामकाज का जनता के बीच प्रचार-प्रसार करना पार्टी संगठन के सामने बहुत बड़ी चुनौती होती है। उन्‍होंने कहा, ‘‘इस बार तो और ज्यादा चुनौती इसलिए भी है कि हमारी सरकार ने काम बहुत किए हैं। और हर वर्ग के लिए काम किया है। इतनी योजनाएं हैं कि हर व्यक्ति उनसे लाभान्वित कैसे हो, यह देखना हमारे लिए बड़ा काम है। इसे पूरा करने के लिए हमें पूरी मेहनत करनी पड़ेगी और हम करेंगे।’’

विधानसभा और लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा की सोमवार को संपन्न विजय संकल्प बैठक पर कटाक्ष करते हुए डोटासरा ने कहा, ‘‘विजय तो हो नहीं रही, विजय की ओर तो वे बढ़ नहीं रहे। उनको तो आपस में लड़ने से ही फुरसत नहीं है। भाजपा में अंदरूनी झगड़ा गहरा है। विजय उनको मिलेगी ही नहीं तो संकल्प का क्या फायदा।’’

पार्टी के नए पदाधिकारियों की घोषणा के बाद जयपुर में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को खासी चहल पहल रही। डोटासरा भी वहां पहुंचे। नवनियुक्त पदाधिकारियों के अपने समर्थकों के साथ पार्टी मुख्यालय पहुंचने और एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला चलता रहा।

भाषा पृथ्‍वी मनीषा

मनीषा