मेटा के खिलाफ न्यू मेक्सिको की अदालत का बड़ा फैसला, बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए नए उपायों का आदेश

Ads

मेटा के खिलाफ न्यू मेक्सिको की अदालत का बड़ा फैसला, बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए नए उपायों का आदेश

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 12:50 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 12:50 PM IST

सांता फे (अमेरिका), आठ अगस्त (एपी) न्यू मेक्सिको के एक न्यायाधीश ने मेटा के खिलाफ एक अहम फैसला सुनाते हुए कंपनी के सोशल मीडिया मंचों की तुलना कारखानों से की और कहा कि फेसबुक और इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करने वाले बच्चों को होने वाली मानसिक क्षति को इन मंचों से निकलने वाले प्रदूषण की तरह देखा जा सकता है।

न्यायाधीश ब्रायन बिडशीड ने बृहस्पतिवार को दिए गए फैसले में मेटा पर 56.7 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया और बच्चों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए कई नए सुरक्षा उपायों का आदेश दिया। इनमें 18 वर्ष से कम उम्र के उपयोगकर्ताओं के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल की सीमा 90 घंटे प्रति माह तय करना, कृत्रिम मेधा (एआई) चैटबॉट पर प्रतिबंध और मंचों पर अनिवार्य चेतावनी शामिल हैं।

हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इन उपायों को कैसे लागू किया जा सकेगा या वे बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी नुकसान से बचाने में कितने प्रभावी होंगे।

ये आदेश फिलहाल केवल न्यू मेक्सिको के बच्चों पर लागू होंगे। मेटा के लिए इन्हें लागू करने की कोई समय सीमा तय नहीं की गई है, वहीं कंपनी ने कहा है कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेगी।

न्यायाधीश का आदेश देशभर में मेटा के खिलाफ चल रहे अन्य कानूनी मामलों के लिए एक संभावित रास्ता दिखाता है। कंपनी पर युवाओं की सुरक्षा के लिए और कदम उठाने का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

यह फैसला न्यू मेक्सिको सरकार द्वारा सोशल मीडिया कंपनी के खिलाफ दायर मुकदमे की सुनवाई के दूसरे चरण में आया है। मार्च में जूरी ने कंपनी पर बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने और अपने मंचों पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी जानकारी छिपाने के आरोपों में 37.5 करोड़ डॉलर का नागरिक जुर्माना लगाया था। नया जुर्माना इसके अतिरिक्त है।

मेटा ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि वह अपने मंचों को सुरक्षित रखने के लिए काम करता है और गलत गतिविधियों तथा हानिकारक सामग्री की पहचान और उसे हटाने की चुनौतियों के बारे में पारदर्शी रहा है।

कंपनी ने कहा, ‘‘हमें किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा के अपने रिकॉर्ड पर भरोसा है और हम उन दावों के खिलाफ अपना बचाव जारी रखेंगे जो तथ्यों को गलत तरीके से पेश करते हैं।’’

एपी शोभना प्रशांत

प्रशांत