हरियाणा में कांग्रेस की एकतरफा जीत होगी : अशोक गहलोत

Ads

हरियाणा में कांग्रेस की एकतरफा जीत होगी : अशोक गहलोत

  •  
  • Publish Date - September 23, 2024 / 05:50 PM IST,
    Updated On - September 23, 2024 / 05:50 PM IST

जयपुर, 23 सितंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का भरोसा जताते हुए सोमवार को कहा कि वहां पार्टी की एकतरफा जीत होगी।

यहां हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में हरियाणा विधानसभा चुनाव के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने कहा, ”हरियाणा चुनाव जीत रही है कांग्रेस, एकतरफा जीत हो रही है वहां। अच्छा माहौल है।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर विपक्ष के नेताओं द्वारा की जा रही टिप्पणियों की निंदा करते हुए गहलोत ने कहा कि देश में हिंसा का माहौल बनाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की टिप्पणी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”अपने जीवन में मैं पहली बार इस तरह की भाषा सुन रहा हूं… भाजपा से जुड़े नेता बोल रहे हैं पर भाजपा या आरएसएस कोई टिप्पणी भी नहीं कर रही।”

उन्होंने कहा,”… दुख इस बात का है कि अगर कोई बेवकूफी कर भी देता है तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी हैं … अमित शाह जी हैं … (जेपी) नड्डा जी हैं …भाजपा के किसी नेता ने यह नहीं कहा कि यह बहुत गलत है, हम इससे सहमत नहीं है। यह भी नहीं कहा।”

गहलोत ने कहा, ”यह मैं अपने जीवन में पहली बार देख रहा हूं कि इस प्रकार का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। देश में हिंसा का माहौल बनाया जा रहा है। यह किसी भी रूप में उचित नहीं है। आज हुकूमत करने वाले लोग चुप क्यों है इसका जवाब देश को देना चाहिए।”

राजस्थान की मौजूदा भाजपा सरकार द्वारा पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा गठित नए जिलों की समीक्षा करवाए जाने के सवाल पर कांग्रेस नेता ने कहा, ”नए जिलों का गठन पूरा परीक्षण कर किया गया था। छोटे जिले प्रयोग के रूप में बनाए गए। और जिले बनाए जाने की गुंजाइश राजस्थान में है। और जिले बनने चाहिए जिससे आम लोगों को प्रशासनिक कामकाज के लिए अधिक दूर नहीं जाना पड़ा।”

गहलोत ने कहा कि आंध्र प्रदेश में श्री तिरुपति मंदिर के प्रसाद को लेकर चल रहा विवाद बेहद गंभीर है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ”यह भारत देश के करोड़ों भक्तों की श्रद्धा एवं आस्था से जुड़ा हुआ विषय है। केन्द्र सरकार को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति बनाकर इस मामले की सच्चाई उजागर करनी चाहिए।”

गहलोत ने कहा,” साथ ही, किसी भी धार्मिक स्थल पर वहां की परम्पराओं के अनुरूप ही कार्य हो, इसके लिए मानक प्रक्रियाएं भी निर्धारित की जानी चाहिए।”

भाषा

पृथ्वी, कुंज, रवि कांत रवि कांत