गोरखपुर (उप्र), 24 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में ‘जनता दर्शन’ के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की शिकायतों का शीघ्रता से समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अपनी समस्या और शिकायत लेकर आए लोगों को आश्वासन दिया, ‘‘चिंता नहीं करें, सबकी समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।’’
आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि यहां दी गई शिकायतों का निस्तारण और समस्याओं का समाधान शीघ्रता से किया जाए।
एक बयान के अनुसार, जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री आदित्यनाथ करीब 150 लोगों से मिले और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उनके अनुरोध पत्र लिए। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को शिकायतें संदर्भित कर निर्देश दिया कि इनका निष्पक्ष और समयबद्ध निष्पादन किया जाए।
अपराध और जमीन पर अवैध कब्जा करने संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने इलाज के लिए आर्थिक मदद से जुड़े अनुरोध पत्रों पर अस्पतालों को आवश्यक प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि अस्पताल की ओर से अनुमानित राशि का अनुरोध मिलने पर सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी।
भाषा
जफर सुभाष
सुभाष