नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार नाम वापस नहीं लेंगे, उनकी गिरफ्तारी को बनाएंगे राष्ट्रीय मुद्दा : वेणुगोपाल

नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार नाम वापस नहीं लेंगे, उनकी गिरफ्तारी को बनाएंगे राष्ट्रीय मुद्दा : वेणुगोपाल

नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार नाम वापस नहीं लेंगे, उनकी गिरफ्तारी को बनाएंगे राष्ट्रीय मुद्दा : वेणुगोपाल
Modified Date: September 19, 2026 / 01:03 pm IST
Published Date: September 19, 2026 1:03 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 19 सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए घोषित अपने उम्मीदवार मिलन प्रधान को नहीं हटाएगी और उनकी गिरफ्तारी का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि प्रधान को शुक्रवार को 2007 के नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण-विरोधी आंदोलन से जुड़े एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े 12 से अधिक मामलों में नामजद प्रधान को पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर के एक होटल से पकड़ा गया।

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को नंदीग्राम उपचुनाव में प्रधान के लिए अपनी पार्टी के समर्थन की घोषणा की। यह घोषणा उनके गुट के उम्मीदवार के मुकाबले से हटने के कुछ ही घंटों बाद की गई।

वेणुगोपाल ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘ममता बनर्जी के कांग्रेस उम्मीदवार प्रधान को समर्थन देने के एक घंटे के भीतर ही पुलिस ने प्रधान को हिरासत में ले लिया।’’ उन्होंने कहा कि प्रधान के खिलाफ दर्ज मामला 2007 का है।

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस नेता गिरफ्तारी के बारे में पूछताछ करने पुलिस था गए, तो उन्हें बताया गया कि कोई वास्तविक मामला नहीं है और प्रधान को अस्थायी रूप से हिरासत में रखा गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रधान पर उपचुनाव के लिए नामांकन वापस लेने के लिए दबाव डाल रही थी और उन्हें अन्य सुविधाओं का प्रलोभन दिया जा रहा था।

वेणुगोपाल ने सवाल किया, ‘‘क्या इस देश में इसी तरह का लोकतंत्र काम कर रहा है?’’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा से कांग्रेस लड़ रही है, न कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)।

उन्होंने कहा, ‘‘हम नंदीग्राम के मुद्दे को राष्ट्रीय मुद्दा बनाएंगे। इसमें कोई दो राय नहीं है।’’

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि इन घटनाओं के बावजूद निर्वाचन आयोग चुप रहा और सवाल उठाया कि नामांकन दाखिल करने के बाद किसी उम्मीदवार को काम करने से कैसे रोका जा सकता है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उन्होंने प्रधान और उनके रिश्तेदारों से बात की है और दावा किया कि उम्मीदवार ने स्पष्ट किया है कि वह अपना नामांकन वापस नहीं लेगा।

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल को ‘‘अराजक राज्य’’ बना रही है और निर्वाचन आयोग पर ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एजेंट’’ के तौर पर काम करने का आरोप लगाया।

भाषा धीरज रंजन

रंजन


लेखक के बारे में