जयपुर के आवासीय इलाके में पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ, वनक्षेत्र में छोड़ा
जयपुर के आवासीय इलाके में पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ, वनक्षेत्र में छोड़ा
जयपुर, 19 सितंबर (भाषा) वन विभाग की टीम ने शनिवार को जयपुर के जवाहर नगर स्थित फॉरेस्ट कॉलोनी से चार से पांच वर्ष की एक मादा तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर आमागढ़ वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फॉरेस्ट कॉलोनी और आसपास के उद्यान क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की गतिविधियां देखी जा रही थीं। इसके बाद वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए उद्यान में पिंजरा लगाया था।
शनिवार को तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पशु चिकित्सक ने तेंदुए की चिकित्सकीय जांच की। जांच में उसकी स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद उसे सुरक्षित रूप से आमागढ़ वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान तेंदुए और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।
राजस्थान के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ-हॉफ) अरिजीत बनर्जी ने बताया कि फॉरेस्ट कॉलोनी में पिछले कई दिनों से तेंदुए की गतिविधियां देखे जाने के बाद उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद उद्यान में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया, जिसे बचाव दल ने वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
भाषा पृथ्वी रंजन
रंजन

Facebook


