‘वंदे मातरम्’ को आधा-अधूरा गाने का कांग्रेस का निर्णय देश विरोधी : मुख्यमंत्री धामी

‘वंदे मातरम्’ को आधा-अधूरा गाने का कांग्रेस का निर्णय देश विरोधी : मुख्यमंत्री धामी

‘वंदे मातरम्’ को आधा-अधूरा गाने का कांग्रेस का निर्णय देश विरोधी : मुख्यमंत्री धामी
Modified Date: August 20, 2026 / 08:48 pm IST
Published Date: August 20, 2026 8:48 pm IST

देहरादून, 20 अगस्त (भाषा) कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) द्वारा अपने कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के केवल दो अंतरे गाने के निर्णय को ‘‘देश विरोधी’’ बताते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी दल तुष्टिकरण के लिए हमेशा से ऐसा ही करता रहा है।

मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘वंदे मातरम् को आधा-अधूरा गाने का कांग्रेस की कार्यसमिति द्वारा लिया गया फैसला देश विरोधी है और हंसते-हंसते देश के लिए फांसी का फंदा चूमने वाले शहीदों के सपनों पर कुठाराघात है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस हमेशा ऐसा करती रही है। तुष्टिकरण के लिए पहले भी ‘वंदे मातरम्’ को बांटा था और अब एक बार फिर उसे लगता है कि अगर वंदे मातरम को पूरा गाया गया तो उसमें भारत के देवी-देवताओं का स्मरण होगा, उनकी स्तुति होगी।’’

मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि उन्हें अपने पार्टी नेतृत्व से पूछना चाहिए कि अगर देवभूमि माने जाने वाले उत्तराखंड में देवी-देवताओं की स्तुति नहीं की जाएगी तो किसकी की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां मां नंदा-सुनंदा, मां दुर्गा, मां पूर्णागिरी, मां धारी देवी, मां ज्वाल्पा देवी सहित अनेक ऐसे स्थान हैं। उन्हें पूछना चाहिए कि क्या वोट ही सबसे बड़ा होता है।’’

धामी ने कहा कि देश की संसद द्वारा बनाए गए कानून को न मानना देश विरोध की भावना है, जिसके लिए देश के करोड़ों लोगों को विपक्षी दल से यह प्रश्न करना चाहिए कि आखिर कांग्रेस ‘वंदे मातरम्’, देश और शहीदों के विरोध में क्यों जा रही है।

उधर, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने भी कांग्रेस के इस निर्णय की निंदा करते हुए कहा, ‘‘वंदे मातरम् विरोध की कांग्रेसी नीति राष्ट्रविरोधी और संविधान विरोधी है।’’

उन्होंने इसे राष्ट्रीय गीत और भारत माता का अपमान बताते हुए तुष्टीकरण की नीति की पराकाष्ठा बताया।

भट्ट ने आरोप लगाया कि कल तक कांग्रेस, ‘वंदे मातरम्’ के अपमान की जिस घटना को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मंगाने से जोड़ रही थी, अब अपनी कार्य समिति के प्रस्ताव के जरिए उसे इसने पार्टी की आधिकारिक नीति बना लिया है।

भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय स्वाभिमान और आजादी के प्रेरणा गीत के ‘‘अपमान’’ पर देश की सबसे पुरानी और आजादी दिलाने का दावा करने वाली कांग्रेस पार्टी का रूख जनता देख रही है।

भाषा दीप्ति शफीक

शफीक


लेखक के बारे में