कविता के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी करने के आरोप में कांस्टेबल पर मामला दर्ज
कविता के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी करने के आरोप में कांस्टेबल पर मामला दर्ज
हैदराबाद, नौ सितंबर (भाषा) तेलंगाना रक्षणा सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष के. कविता के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में हाल में निलंबित किए गए पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
साइबराबाद पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पूर्व सांसद कविता के खिलाफ कांस्टेबल द्वारा “अपमानजनक” सामग्री पोस्ट किए जाने की शिकायत मिली थी जिसके बाद सिविल (आचरण) नियमावली के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए कांस्टेबल को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
पुलिस ने कहा कि हैदराबाद के पुलिस आयुक्त से प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय जांच शुरू की जाएगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
साइबराबाद पुलिस ने बताया कि विभागीय कार्रवाई के अलावा कांस्टेबल के खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है।
कांस्टेबल के. अनिल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में छह सितंबर को हैदराबाद के साइबर अपराध थाने में मामला दर्ज किया गया।
साइबराबाद पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कांस्टेबल ने अपने मोबाइल फोन से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी।
पुलिस ने कहा, “उसका मोबाइल फोन जब्त कर जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेज दिया गया है। संबंधित धाराओं के तहत कानून के प्रावधानों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
निलंबन आदेश के मुताबिक, कांस्टेबल ने सोशल मीडिया पर टीआरएस अध्यक्ष के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा वाली सामग्री पोस्ट कर अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और गंभीर कदाचार का प्रदर्शन किया। अनुशासित पुलिस बल में इस तरह का आचरण बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
साइबराबाद के पुलिस आयुक्त ने कांस्टेबल को निलंबित किया था।
भाषा खारी नरेश
नरेश

Facebook


