गुजरात: मांजलपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए तीन अगस्त को होगी मतगणना

Ads

गुजरात: मांजलपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए तीन अगस्त को होगी मतगणना

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 07:41 PM IST

वडोदरा, दो अगस्त (भाषा) गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का नतीजा सोमवार को आयेगा।

इस सीट के परिणाम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा के मजबूत गढ़ वडोदरा शहर में कांग्रेस कितनी कड़ी चुनौती पेश कर पाती है।

मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी, जिसके लिए पहले से ही व्यापक इंतजाम किए जा चुके हैं।

इस सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव हुआ था। भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का निधन हो जाने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। उपचुनाव में केवल 37.5 प्रतिशत मतदान हुआ था।

अधिकारियों ने बताया कि उस निर्धारित केंद्र पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जहां मतगणना की जाएगी।

भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने अपनी प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर दांव लगाया है।

वर्ष 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में इस निर्वाचन क्षेत्र में 60.15 प्रतिशत मतदान हुआ था।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप