कोविड-19: पिछले एक दिन में तेलंगाना में तीन, जम्मू कश्मीर में छह लोगों की मौत
कोविड-19: पिछले एक दिन में तेलंगाना में तीन, जम्मू कश्मीर में छह लोगों की मौत
हैदराबाद/श्रीनगर, 16 जनवरी (भाषा) तेलंगाना में रविवार को कोविड-19 से तीन मरीजों की मौत हो गई और इसी दौरान जम्मू कश्मीर में छह मरीजों ने दम तोड़ दिया। तेलंगाना सरकार की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 2,047 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 7,09,209 हो गए।
महामारी से राज्य में तीन और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 4,057 पर पहुंच गई। बुलेटिन में कहा गया कि तेलंगाना में अभी कोविड के 22,048 मरीज उपचाराधीन हैं। कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर, मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने राज्य में चिकित्सा कॉलेजों को छोड़कर सभी शैक्षणिक संस्थानों को 30 जनवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया है। इस बीच तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष पी. श्रीनिवास रेड्डी की जांच में दूसरी बार संक्रमण की पुष्टि हुई है।
वहीं, जम्मू कश्मीर में पिछले एक दिन में संक्रमण के 3,499 नए मामले सामने आए और महामारी से छह मरीजों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू संभाग से 1,210 और कश्मीर संभाग से 2,289 नए मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित क्षेत्र में अभी कोविड के 15,883 मरीज उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि इस महामारी से जम्मू कश्मीर में अब तक 4,567 मरीजों की मौत हो चुकी है।
भाषा यश दिलीप
दिलीप

Facebook


