सहपाठियों की तस्वीरें छेड़छाड़ कर प्रसारित करने के आरोप में एमबीबीएस छात्र पर नये मामले दर्ज
सहपाठियों की तस्वीरें छेड़छाड़ कर प्रसारित करने के आरोप में एमबीबीएस छात्र पर नये मामले दर्ज
तिरुवनंतपुरम, 23 जुलाई (भाषा) तिरुवनंतपुरम में महिला सहपाठियों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें इंस्टाग्राम के जरिए प्रसारित करने के आरोप में एमबीबीएस के एक छात्र के खिलाफ कुछ नये मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यहां के सरकारी मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने मामले की जांच में देरी का आरोप लगाते हुए बुधवार को थाने के बाहर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद ये नये मामले दर्ज किए गए।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज पुलिस थाने में छात्रों को बयान दर्ज कराने के लिए कई घंटों तक इंतजार कराया गया।
इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को वायनाड निवासी एमबीबीएस छात्र एबेल को गिरफ्तार किया था। हालांकि, अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे जमानत मिल गई थी।
पुलिस के अनुसार, एबेल के खिलाफ अब तक आठ शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं और ताजा शिकायतों के आधार पर दो और मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि नए मामलों में एबेल को फिर से गिरफ्तार किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि आरोपी छात्र के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी निशाना बनाया था।
उन्होंने बताया कि जांच के तहत उसके सोशल मीडिया खातों की भी जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


