माकपा का दावा, ट्रेड यूनियन की आम हड़ताल को पश्चिम बंगाल में मिला जबरदस्त समर्थन

माकपा का दावा, ट्रेड यूनियन की आम हड़ताल को पश्चिम बंगाल में मिला जबरदस्त समर्थन

माकपा का दावा, ट्रेड यूनियन की आम हड़ताल को पश्चिम बंगाल में मिला जबरदस्त समर्थन
Modified Date: July 9, 2025 / 07:35 pm IST
Published Date: July 9, 2025 7:35 pm IST

कोलकाता, नौ जुलाई (भाषा) विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को दावा किया कि 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियन द्वारा आहूत और वाम दलों द्वारा समर्थित आम हड़ताल को पश्चिम बंगाल में श्रमिक वर्गों से भारी समर्थन मिला।

माकपा के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने दावा किया कि बैंकिंग, बीमा, परिवहन क्षेत्र और कारखाना श्रमिकों ने हड़ताल में भारी भागीदारी की।

उन्होंने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘हड़ताल को मज़दूर वर्ग से अभूतपूर्व समर्थन मिला।’

सलीम ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर हड़ताल समर्थकों पर अंधाधुंध लाठीचार्ज किया और जहां भी उन्होंने प्रदर्शन करने की कोशिश की, उन्हें गिरफ्तार भी किया। उन्होंने कहा, ‘पुलिस और तृणमूल कांग्रेस ने हड़ताल को विफल करने की कोशिश में निंदनीय भूमिका निभाई।’

सलीम ने कहा कि हालांकि हड़ताल का आह्वान 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियन ने ‘केंद्र की नीतियों के ख़िलाफ़’ किया था, लेकिन राज्य सरकार इसे विफल करने के लिए ज़्यादा सक्रिय हो गई। उन्होंने कहा, ‘लोकतांत्रिक प्रदर्शन को अलोकतांत्रिक तरीके से रोकने की कोशिश की गई।’

सलीम ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ‘दिल्ली में अपने आकाओं’ को खुश करने के लिए अति सक्रिय हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में विभिन्न स्थानों पर कथित पुलिस अत्याचारों के खिलाफ अगले तीन दिन तक प्रदर्शन किए जाएंगे।

सलीम ने कहा कि राज्य सरकार ने हड़ताल को विफल करने के लिए अधिक बसें चलाईं, लेकिन बड़ी संख्या में निजी बसें और अन्य परिवहन साधन सड़कों से नदारद रहे।

भाषा आशीष वैभव

वैभव


लेखक के बारे में