कोलकाता, 12 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के बारुईपुर शहर में एक किशोरी से कथित बलात्कार और उसकी हत्या के विरोध में भड़की हिंसा के सिलसिले में रविवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता लहेक अली को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुर में पांच जुलाई को हुई हिंसा के मामले में अली पहले नेता हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, चार जुलाई को लापता हुई किशोरी का शव अगले दिन सूर्यपुर हाट इलाके के एक तालाब से बरामद किया गया था। इसके बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। इस दौरान उग्र भीड़ ने अपराध में शामिल होने के संदेह में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ की, टायर में आग लगा दी और सड़कों पर यातायात को जाम कर दिया था, जिससे इलाके में जनजीवन प्रभावित हो गया।
पुलिस का दावा है कि लहेक अली ने ही इस हिंसा को भड़काया था।
लहेक अली इस वर्ष की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में बारुईपुर पश्चिम सीट से माकपा के उम्मीदवार थे।
भाषा सुमित खारी
खारी