माकपा ने अपने कार्यकर्ताओं से समूचे केरल में अच्युतानंदन की पहली पुण्यतिथि मनाने का आग्रह किया
माकपा ने अपने कार्यकर्ताओं से समूचे केरल में अच्युतानंदन की पहली पुण्यतिथि मनाने का आग्रह किया
तिरुवनंतपुरम, 10 जुलाई (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शुक्रवार को अपने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता वी.एस. अच्युतानंदन की पहली पुण्यतिथि पूरे राज्य में मनाएं।
पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और राज्य में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार पर ऐसी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया जो राज्य के हितों और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को नुकसान पहुंचाती हैं।
माकपा के राज्य सचिवालय ने एक बयान में कहा कि पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक अच्युतानंदन ने अपना जीवन देश की रक्षा करने और मजदूरों, किसानों, सामाजिक न्याय एवं आर्थिक समानता के लिए संघर्षों का नेतृत्व करने में समर्पित कर दिया था।
बयान में कहा गया, ‘‘माकपा के संस्थापक नेता और देश की रक्षा के लिए कई संघर्षों का नेतृत्व करने वाले कम्युनिस्ट, वी.एस. अच्युतानंदन की पहली पुण्यतिथि 21 जुलाई को उचित तरीके से मनाई जानी चाहिए।’’
पार्टी ने कहा कि अच्युतानंदन ने 1940 में 17 वर्ष की आयु में कॉयर (नारियल के रेशे के) कारखाने में काम करते हुए साम्यवादी आंदोलन में प्रवेश किया, पुन्नप्रा-वायलर विद्रोह में भाग लिया, बाद में माकपा के पोलित ब्यूरो सदस्य बने और केरल के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।
पार्टी ने कहा कि वह भूमि अधिकार, पर्यावरण संरक्षण, लैंगिक समानता, मानवाधिकार और धर्मनिरपेक्षता से जुड़े संघर्षों में अग्रणी रहे।
माकपा ने राजनीतिक हमला करते हुए आरोप लगाया कि संघ परिवार संविधान में निहित ‘‘सभी सकारात्मक मूल्यों’’ को नष्ट करने का प्रयास कर रहा है और उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर जनता की चिंताओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
पार्टी ने कहा कि देशभर में होने वाली परीक्षाओं की व्यवस्था भी बार-बार प्रभावित हो रही है और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता की मांगों को कुचल रही है।
पार्टी ने केरल में यूडीएफ सरकार की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह ‘‘झूठे प्रचार’’ के माध्यम से सत्ता में आई है और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों को लागू कर रही है।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश

Facebook


