कांग्रेस को माकपा के पत्र से ‘इंडिया’ गठबंधन की एकता पर सवाल उठते हैं: भाजपा
कांग्रेस को माकपा के पत्र से ‘इंडिया’ गठबंधन की एकता पर सवाल उठते हैं: भाजपा
नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की सोमवार को होने वाली बैठक से पहले उसमें नई दरारें उभर आई हैं। भाजपा ने अपने दावे के आधार के तौर पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) महासचिव एम ए बेबी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे गए एक पत्र का हवाला दिया।
बेबी ने कांग्रेस से उन दावों पर स्पष्टीकरण मांगा है जो उसके कुछ नेताओं ने केरल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान किए थे जिनमें आरोप लगाया था कि माकपा की भाजपा के साथ ‘‘सहमति’’ है।
सूत्रों के अनुसार, खरगे को लिखे पत्र में बेबी ने माकपा पर कांग्रेस के हमलों की कड़ी आलोचना की है। पत्र की प्रतियां ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों को भी भेजी गई हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि बेबी के पत्र ने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा कर दिया है और इससे ‘इंडिया’ गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘इंडी गठबंधन की यही वास्तविक स्थिति है। न कोई मिशन है, न कोई दृष्टिकोण। केवल भ्रम, विभाजन, आरोप-प्रत्यारोप और पदों की महत्वाकांक्षा है।’’
केरल विधानसभा चुनाव के दौरान वाम दलों और भाजपा के बीच कथित ‘‘सहमति’’ के आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगने संबंधी बेबी के पत्र का उल्लेख करते हुए पूनावाला ने दावा किया कि इस घटनाक्रम ने विपक्षी गठबंधन के भीतर मौजूद मतभेदों को उजागर कर दिया है और यह दर्शाता है कि उसके पास कोई साझा दिशा नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘द्रमुक (द्रविड़ मुनेत्र कषगम) द्वारा बैठक में शामिल नहीं होने की घोषणा के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन को एक और झटका लगा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) भी बैठक से दूर रह सकती है, जबकि झारखंड में राज्यसभा सीट को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस के बीच गतिरोध है।’’
भाजपा प्रवक्ता ने विपक्षी गठबंधन की एकता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसके कई सहयोगी विभिन्न राज्यों में राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘केरल में इंडिया गठबंधन कहां था – वह कांग्रेस थी या वाम दल? बंगाल में इंडिया गठबंधन में कौन था? पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में यह कहां है? देश के विशाल क्षेत्रों में इसका कोई नामोनिशान नहीं है। यह गठबंधन सिर्फ कागजों पर ही मौजूद है।’’
कांग्रेस पर अपने सहयोगियों को ‘‘धोखा देने’’ का आरोप लगाते हुए पूनावाला ने कहा कि पार्टी अपने सहयोगियों पर हमला करती है और फिर खुद को लोकतंत्र का ‘‘रक्षक’’ बताने की कोशिश करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस अपने सहयोगियों को धोखा देती है। यह बेबुनियाद आरोप लगाती है, उनका वोट बैंक छीन लेती है और फिर लोकतंत्र का रक्षक होने का दिखावा करती है। लेकिन ‘इंडी’ गठबंधन में कोई भी राहुल गांधी और कांग्रेस को गंभीरता से नहीं लेता। यह ‘इंडी’ गठबंधन में एक और दरार है।’’
केरल में कांग्रेस के चुनाव प्रचार का उल्लेख करते हुए, माकपा नेता ने कांग्रेस पर अपने इस दावे पर ‘सुनियोजित अभियान’ चलाने का आरोप लगाया कि वाम दल और भाजपा के बीच राजनीतिक समझौता हो गया है और यह कि तत्कालीन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अच्छा तालमेल है।
बेबी ने कहा कि ऐसे आरोप ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोग की भावना के विपरीत हैं। बेबी ने चेतावनी दी कि इस मुद्दे का विपक्षी एकता पर असर पड़ सकता है और उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को आठ जून को होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक से पहले ‘गठबंधन को कमजोर करने वाले कदमों’ पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
भाषा अमित शोभना
शोभना

Facebook


