अपराध शाखा को सौंपी जाएगी पहलवान की हत्या के मामले की जांच

Ads

अपराध शाखा को सौंपी जाएगी पहलवान की हत्या के मामले की जांच

  •  
  • Publish Date - May 23, 2021 / 06:45 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:25 PM IST

नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में हुई घटना से संबंधित मामले की जांच पुलिस की अपराध शाखा को सौंपी जाएगी। इस घटना में 23 वर्षीय पहलवान की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले सुशील कुमार (37) और उनके सहयोगी अजय को दिल्ली के मुंडका से गिरफ्तार किये जाने के बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।

पुलिस ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच कर रही उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस सोमवार तक इसे आधिकारिक रूप से अपराध शाखा इकाई को सौंप देगी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”हमें मौखिक रूप से बता दिया गया था मामले की आगे की जांच अपराध शाखा की टीम करेगी। यह मामला कल (सोमवार) तक आधिकारिक रूप से हमें सौंप दिया जाएगा।”

यह मामला चार मई को छत्रसाल स्टेडियम में हुई घटना से संबंधित है, जिसमें कथित रूप से सुशील कुमार और अन्य पहलवानों के हमले में पहलवान सागर राणा की मौत हो गई थी जबकि उनके दो दोस्त सोनू और अमित कुमार घायल हो गए थे।

भाषा जोहेब प्रशांत

प्रशांत