भारत और इडोनेशिया ने रक्षा, सेमीकंटक्टर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की

Ads

भारत और इडोनेशिया ने रक्षा, सेमीकंटक्टर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 08:35 PM IST

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को अपने इंडोनेशियाई समकक्ष सुगियोनो की मेजबानी करते हुए भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा, समुद्री व्यापार, निवेश, दवा उद्योग और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

इंडोनेशिया दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है और दोनों देशों के बीच व्यापार तथा निवेश समेत समग्र संबंधों में पिछले कुछ वर्षों में लगातार वृद्धि हुई है।

सुगियोनो इस समय नयी दिल्ली की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी में हाल के वर्षों में मजबूत प्रगति देखी गई है।

उन्होंने कहा, “हमने राजनीतिक, रक्षा एवं सुरक्षा, समुद्री और नौवहन, व्यापार, फिनटेक, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, उर्वरक, महत्वपूर्ण खनिजों के साथ-साथ पर्यटन, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग पर सार्थक चर्चा की।”

उन्होंने कहा, “हमने क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर अपने दृष्टिकोण साझा किए, बहुपक्षीय समन्वय को आगे बढ़ाने और भारत-आसियान संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।”

यह जानकारी भी मिली है कि दोनों मंत्रियों ने पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक प्रभावों पर भी विचार-विमर्श किया।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि जयशंकर और सुगियोनो ने भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अंतर्गत द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।

मंत्रालय ने कहा, “उन्होंने राजनीतिक, रक्षा व सुरक्षा, समुद्री क्षेत्र, व्यापार एवं निवेश, फार्मा और स्वास्थ्य सेवा, डिजिटल, ऊर्जा, संपर्क, अंतरिक्ष, शिक्षा, वाणिज्य दूतावास संबंधी और सांस्कृतिक क्षेत्रों तथा लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत बनाने के अवसरों पर चर्चा की।”

जयशंकर और सुगियोनो ने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति का भी स्वागत किया।

बैठक की शुरुआत में जयशंकर ने कहा, “आठवीं भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग बैठक के लिए आपका और आपके प्रतिनिधिमंडल का नयी दिल्ली में स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।”

विदेश मंत्री ने पिछले वर्ष जनवरी में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियंतो की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हुई उनकी ‘सार्थक’ वार्ता को भी याद किया।

उन्होंने कहा, “उस यात्रा ने दोनों देशों के व्यापक रणनीतिक साझेदारी संबंधों को नयी गति दी।”

सुगियोनो ने भी कहा कि राष्ट्रपति सुबियंतो की पिछले वर्ष भारत यात्रा ने भारत-इंडोनेशिया साझेदारी को नयी दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश