बेंगलुरु, 30 सितंबर (भाषा) बेंगलुरु में एक खाली भूखंड पर एक अस्थायी ‘शेड’ के अंदर बुधवार को एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया, लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार ब्याप्पनाहल्ली थानाक्षेत्र में कग्गाडासापुरा के छठे चौराहे पर मूर्ति नामक व्यक्ति के इस भूखंड पर सिलेंडर विस्फोट हुआ।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट में शेड को नुकसान पहुंचा लेकिन बाद में पुलिस दल को निरीक्षण के दौरान वहां कोई हताहत नजर नहीं आया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह अवैध पुनर्भरण इकाई थी, तब उन्होंने कहा, ‘‘ हम घटना का सत्यापन कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि ब्याप्पनाहल्ली थाने के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अग्निशमन एवं आपात सेवा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने निरीक्षण किया।
भाषा
राजकुमार वैभव
वैभव