सागर में जहरीली शराब के सेवन से मरने वालों की संख्या 15 हुई, 14 आरोपी गिरफ्तार

Ads

सागर में जहरीली शराब के सेवन से मरने वालों की संख्या 15 हुई, 14 आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 05:01 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 05:01 PM IST

सागर, आठ सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात तीन अन्य व्यक्तियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों में जहरीली शराब की तस्करी से जुड़े मामले का एक आरोपी भी शामिल है। उन्होंने बताया कि अब भी करीब 50 लोग चिकित्सकीय निगरानी में हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

सागर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग सुजानिया ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में कहा कि जहरीली शराब के सेवन से अब तक कुल 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें तस्करी का एक आरोपी भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि सागर के विभिन्न अस्पतालों में अब भी 50 लोग चिकित्सकीय निगरानी में हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

सुजानिया के मुताबिक, इस मामले में जिन 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनमें से 14 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

मध्यप्रदेश की सीमा से लगे ललितपुर से राज्य में जहरीली शराब की तस्करी के आरोपों को उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से खारिज किए जाने के बारे में पूछे जाने पर सुजानिया ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सही समय आने पर इसका खुलासा किया जाएगा।

जहरीली शराब के सेवन से सागर के गूगरा खुर्द गांव के पांच लोगों की मौत के बाद वहां मातम पसरा हुआ है। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं, जिनमें से दो सगे भाई थे।

ग्रामीणों का दावा है कि अब भी गांव के 30 लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।

जसरथ लोधी नाम के एक ग्रामीण ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में कहा कि उजियार सिंह और भगवान सिंह लोधी इंदौर में एक कारखाने में काम करते थे और रक्षाबंधन के मौके पर घर आए थे।

जसरथ के अनुसार, दोनों दोस्तों के साथ पार्टी करने चले गए, जिस दौरान उन्होंने अनजाने में जहरीली शराब का सेवन कर लिया।

जसरथ ने बताया कि भगवान सिंह की पत्नी सुमन सिंह लोधी गर्भवती है।

सुमन ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में कहा कि इस हादसे ने उसकी दुनिया उजाड़ दी है।

उसने कहा, “मेरे सपने चकनाचूर हो गए हैं। जीवन में कुछ नहीं बचा है। शासन-प्रशासन से यही मांग है कि वह हमारी मदद करे और साथ ही शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए, ताकि किसी अन्य के साथ ऐसी घटना न हो।”

गूगरा खुर्द के लोगों ने मांग की कि क्षेत्र में शराब पर प्रतिबंध लगाया जाए और साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि गांव में दोबारा ऐसी घटना न हो।

इस हादसे के बाद अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया गया है।

सागर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक शशींद्र सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ितों के परिजन की शिकायत पर तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

इस घटना के सिलसिले में तीन आबकारी अधिकारियों और दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शराब पीने के बाद उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस होने पर वे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय जांच कराएं।

भाषा

ब्रजेन्द्र पारुल

पारुल