फरीदाबाद, 21 फरवरी (भाषा) फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में एक कारखाने में लगी आग में एक उप-निरीक्षक और एक दमकलकर्मी समेत दो और लोगों की झुलसने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इसके साथ ही 16 फरवरी को लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
फरीदाबाद के दमकल विभाग के कर्मचारी भाविचंद (48) का शुक्रवार रात निधन हो गया, और कैथल जिले के प्रोबेशनर उप-निरीक्षक रवि कुमार (30) का शनिवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। रवि मुजेसर पुलिस थाने में तैनात थे।
बृहस्पतिवार रात को दो लोगों – कारखाने के मालिक के बेटे अभिषेक मोंगा (37) और कारखाने के कर्मचारी प्रदीप (21) – की मौत हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि फैक्टरी मालिक विजय मोंगा भी घायल हो गए हैं और उनका दिल्ली के एक ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
सोमवार शाम को मुजेसर के सेक्टर 24 स्थित कालकाजी लुब्रिकेंट्स और शिव स्टील कंपनी के कारखानों में लगी आग में कुल 37 लोग झुलस गए थे।
पुलिस ने बताया कि कारखानों के मालिकों और प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जिला उपायुक्त के आदेश पर, बडखल उपमंडल मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सात सदस्यीय दल का गठन मामले की जांच के लिए किया गया है।
जिन लोगों को मामूली चोटें आई थीं, उनका उपचार किया गया है उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि बाकी घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन