केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन पर जल्द आ सकता है फैसला : केपीसीसी प्रमुख
केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन पर जल्द आ सकता है फैसला : केपीसीसी प्रमुख
तिरुवनंतपुरम, 12 मई (भाषा) केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने वेटिकन में पोप के चुनाव से जुड़ी शब्दावली का इस्तेमाल करते हुए मंगलवार को संकेत दिया कि कांग्रेस आलाकमान जल्द ही केरल के अगले मुख्यमंत्री के संबंध में निर्णय ले सकता है।
जोसेफ ने पत्रकारों से कहा, ‘जल्द ही सफेद धुआं देखने को मिल सकता है।’ उनका इशारा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मार्चा (यूडीएफ) की जीत के बाद मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पार्टी के भीतर चल रही लंबी चर्चाओं की ओर था।
हालांकि, उन्होंने घोषणा के लिए कोई निश्चित समय सीमा बताने से परहेज किया।
उन्होंने कहा, ‘इसके जल्द से जल्द होने की उम्मीद है। आलाकमान आवश्यक परामर्श के बाद उचित निर्णय ले सकता है।’ मुख्यमंत्री के चयन को लेकर जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए पार्टी नेतृत्व नयी दिल्ली में चर्चा कर रहा है।
नयी सरकार के शपथ ग्रहण के बारे में पूछे जाने पर जोसेफ ने कहा कि नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलने के बाद सरकार गठन पर निर्णय लेंगे।
केपीसीसी प्रमुख ने यह भी स्वीकार किया कि मुख्यमंत्री की घोषणा में देरी और पार्टी के भीतर की खींचतान सार्वजनिक होने से यूडीएफ की चुनावी जीत की चमक को कुछ कम कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘मैं इसे स्वीकार करता हूं। लेकिन नयी सरकार के सत्ता में आने के बाद जीत की चमक बढ़ जाएगी।’
केरल में नेतृत्व के मुद्दे पर कांग्रेस आलाकमान नयी दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं के साथ परामर्श कर रहा है। चर्चा के लिए पूर्व केपीसीसी अध्यक्ष वी एम सुधीरन, मुल्लापल्ली रामचंद्रन, के मुरलीधरन, के सुधाकरन और एम एम हसन सहित कई नेताओं को राष्ट्रीय राजधानी बुलाया गया था।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे वीडी सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश
अविनाश

Facebook


