शाहदरा में निर्माणाधीन इमारत में रेत में दबा सड़ा गला शव मिला

Ads

शाहदरा में निर्माणाधीन इमारत में रेत में दबा सड़ा गला शव मिला

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 06:53 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 06:53 PM IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दिल्ली के शाहदरा में निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल पर रेत और बजरी के नीचे दबा हुआ एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा गला शव मिला। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि छह मई को नवीन शाहदरा इलाके में निर्माणाधीन इमारत से दुर्गंध आने की सूचना शाहदरा थाने को दी गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘सूचना मिलने पर, पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन परिसर की तलाशी ली। जांच के दौरान, टीम को इमारत की चौथी मंजिल पर रेत और बजरी के नीचे दबा हुआ लगभग 35 से 40 वर्ष की आयु के एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा हुआ शव मिला।’

पुलिस ने कहा कि बरामदगी से जुड़े हालात बताते हैं कि पीड़ित की हत्या की गई थी और सबूतों को नष्ट करने के प्रयास में शव को छिपा दिया गया।

घटनास्थल का मुआयना करने और सबूत इकट्ठा करने के लिए अपराध शाखा की एक टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया ताकि मौत का सटीक कारण पता चल सके।

अधिकारी ने कहा, ‘हमने शाहदरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।’

उन्होंने बताया कि टीमें आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही हैं और स्थानीय मजदूरों, ठेकेदारों और निवासियों से पूछताछ कर रही है।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश