नर्मदा (गुजरात), सात मई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को गुजरात में नर्मदा जिला स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का दौरा किया और इसे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का प्रतीक बताया।
वह तीन दिन के व्यावसायिक दौरे पर गुजरात आए हुए हैं।
माझी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में निर्मित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा, ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पूरे देश के लिए गौरव का प्रतीक बन गई है।’’
उन्होंने कहा कि यह ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के आह्वान का जीवंत प्रतीक है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, माझी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के अखंड भारत के सपने को साकार करने के लिए देश भर के गांवों से लोहा इकट्ठा करके इस भव्य स्मारक का निर्माण किया गया। यह राष्ट्रीय एकता का एक अनूठा प्रतीक है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री बनने के बाद इस पवित्र स्थान पर आने का अवसर मिलना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है।’’
मांझी ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 565 रियासतों को एकजुट करके अखंड भारत का निर्माण किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रयासरत हैं।
भाषा यासिर अविनाश
अविनाश