मुख्यमंत्री चयन में देरी ‘राजनीतिक अनिश्चितता’ दर्शाती है: आरएसपी सांसद प्रेमचंद्रन

मुख्यमंत्री चयन में देरी 'राजनीतिक अनिश्चितता' दर्शाती है: आरएसपी सांसद प्रेमचंद्रन

मुख्यमंत्री चयन में देरी ‘राजनीतिक अनिश्चितता’ दर्शाती है: आरएसपी सांसद प्रेमचंद्रन
Modified Date: May 13, 2026 / 02:06 pm IST
Published Date: May 13, 2026 2:06 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 13 मई (भाषा) केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) गठबंधन की सहयोगी पार्टी आरएसपी ने मुख्यमंत्री के चयन में देरी पर कांग्रेस के प्रति कड़ी नाखुशी व्यक्त की है और पार्टी सांसद एन के प्रेमचंद्रन ने इस स्थिति को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया।

प्रेमचंद्रन ने यहां एक टीवी चैनल को बताया कि कांग्रेस द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षकों के साथ हुई चर्चा में रिव्योल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया था।

आरएसपी सांसद ने कहा, ‘‘केरल की जनता द्वारा यूडीएफ को इतना बड़ा जनादेश देने के बाद, चुनाव परिणाम घोषित होने के 10 दिन बाद भी मुख्यमंत्री के चयन को लेकर राजनीतिक अनिश्चितता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

उन्होंने कहा कि केरल में हर जगह यूडीएफ के भीतर मुख्यमंत्री के चयन में देरी को लेकर चर्चा हो रही है, जबकि पिछले 10 वर्षों में वामपंथी सरकार की जनविरोधी नीतियों और एलडीएफ की हार के कारणों का व्यापक विश्लेषण होना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के भीतर के संघर्ष और वामपंथी दल द्वारा कथित तौर पर की गई गैरकानूनी गतिविधियों और अनियमितताओं को उजागर किया जाए।

प्रेमचंद्रन ने दावा किया कि मुख्यमंत्री चयन में अनिश्चितता और देरी ने जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और जनता के बीच असंतोष और निराशा पैदा कर दी है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि यूडीएफ गठबंधन के सहयोगी इस बात का जवाब देने में असमर्थ हैं कि नए मुख्यमंत्री का चयन कब होगा और कौन बनेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, हम आलाकमान से अनुरोध करते हैं कि वह तत्काल, युद्धस्तर पर, मुख्यमंत्री के चयन पर अपने निर्णय की घोषणा करें। ज्यादा देरी करने के गंभीर राजनीतिक परिणाम हो सकते हैं और यूडीएफ की शानदार जीत की चमक और जनता का हम पर भरोसा धूमिल हो जाएगा।’’

भाषा शोभना वैभव

वैभव


लेखक के बारे में