दिल्ली: 22 वर्षीय युवक की हत्या, तीन पकड़े गए
दिल्ली: 22 वर्षीय युवक की हत्या, तीन पकड़े गए
नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका मोड़ पर एक बारात घर के पास कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने के बाद 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना के कुछ ही घंटों के भीतर एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पीड़ित की पहचान मोहन गार्डन निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “कुमार की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हमले के दौरान पीड़ित को गंभीर चोटें आई थीं। एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां खून के धब्बे और अन्य महत्वपूर्ण सबूत मिले।”
फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। सबूतों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
टीम ने अपराध में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की। इसके बाद, हत्या से कथित तौर पर जुड़े तीन लोगों को पकड़ लिया गया।
आरोपियों की पहचान मोहन गार्डन निवासी नामेश पांडे उर्फ अमन (22) और चिराग उर्फ अमन (20) के रूप में हुई है। इस मामले में पकड़े गए लोगों में 17 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


