नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) बाहरी उत्तर दिल्ली के प्रह्लादपुर बांगर गांव में 22-वर्षीय एक युवती अपने घर के शौचालय में मृत पाई गई। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला के पति की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान साबिला खातून के रूप में हुई है और वह अपने पति मोहम्मद लालबाबू के साथ प्रह्लादपुर बांगर में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि दोनों की शादी करीब दो साल पहले हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत की सूचना 29 अगस्त को शाहबाद डेयरी थाने को मिली थी, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, जहां शौचालय के अंदर से शव बरामद किया गया।
साबिला के भाई मोहम्मद गुलाब ने इसके बाद पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी बहन के घर पहुंचा तो उसने उसे मृत पाया, जबकि उसका पति और बच्चा घर से गायब थे।
अधिकारी ने बताया, “महिला की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। शव को बीएसए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के लिए उसे सुरक्षित रखा गया है, ताकि मौत के सही कारण और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।”
पुलिस ने बताया कि महिला के पति का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश