दिल्ली: तकिया काले खां में आग लगने से 30 झुग्गियां जलकर खाक; पुलिस ने 12 लोगों को बचाया

Ads

दिल्ली: तकिया काले खां में आग लगने से 30 झुग्गियां जलकर खाक; पुलिस ने 12 लोगों को बचाया

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 05:15 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 05:15 PM IST

( तस्वीरों सहित )

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) मध्य दिल्ली के तकिया काले खां इलाके में आग लगने से कम से कम 30 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया और पुलिस ने 12 लोगों को खतरे वाले क्षेत्र से बाहर निकाला। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने का सही कारण अब पता नहीं चल पाया है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, सोमवार रात 11.22 बजे आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की 24 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

अधिकारी ने कहा कि दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में लगभग तीन घंटे लगे।

डीएफएस ने कहा कि सोमवार देर रात 12.55 बजे तक आग बुझा दी गई, जिसके बाद शीतलन अभियान चलाया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आग उस क्षेत्र में लगी जहां पुराना फर्नीचर, लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके चलते घना धुआं फैल गया और दहशत पैदा हो गई कि आग आसपास के घरों में भी फैल जाएगी।

अधिकारी ने कहा, ‘टीमों ने घर-घर जाकर निकासी की और परिवारों को प्रभावित क्षेत्र से दूर जाने के लिए राजी किया। समय पर हस्तक्षेप से, आग के और फैलने से पहले टीमों ने 12 लोगों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया। ‘

अग्निशमन सेवा, बीएसईएस और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) को सूचित किया गया और वे शीघ्र ही घटनास्थल पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर नौ एंबुलेंस भी तैनात की गईं।

अग्निशमन अभियान के दौरान भीड़ प्रबंधन, निकासी और आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने में सहायता के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को बुलाया गया था।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा