सुलतानपुर (उप्र), तीन सितंबर (भाषा) सुलतानपुर अदालत में लंबित मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आवाज के नमूने की तुलना की मांग करने वाले आवेदन को नामंजूर किये जाने को चुनौती देने वाली एक याचिका इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ में दायर की गई है। शिकायतकर्ता विजय मिश्रा के वकील ने बृहस्पतिवार को बताया।
मिश्रा के वकील संतोष कुमार पांडेय ने निचली अदालत को बताया कि स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने गांधी की आवाज के नमूने की तुलना की मांग वाली याचिका खारिज करने के निचली अदालत के फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
निचली अदालत ने मामले में सुनवाई की अगली तारीख 14 सितंबर तय की है।
मिश्रा ने चार अगस्त 2018 को गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज करायी थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि कांग्रेस नेता ने उस साल बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
अदालत ने 27 नवंबर, 2023 को मामले में गांधी को तलब किया था। बाद में वह अदालत में पेश हुए और उन्हें जमानत दे दी गई।
बाद में, मिश्रा ने गांधी की आवाज के नमूने की तुलना करने के लिए एक आवेदन दायर किया था जिसे निचली अदालत ने याचिका खारिज कर दिया था, जिसके बाद सत्र अदालत के समक्ष दायर एक पुनरीक्षण याचिका भी खारिज कर दी गयी थी।
मिश्रा ने अब अपने आवाज के नमूने के आवेदन की अस्वीकृति और उसके बाद अपनी पुनरीक्षण याचिका की अस्वीकृति दोनों को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया है।
पांडेय ने निचली अदालत को सूचित किया कि याचिका एक सितंबर को उच्च न्यायालय के समक्ष दायर की गई थी।
भाषा सं. सलीम शफीक रंजन
रंजन