दिल्ली: विस अध्यक्ष ने उपराज्यपाल से ऑडियो ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली शुरू करने का आग्रह किया

दिल्ली: विस अध्यक्ष ने उपराज्यपाल से ऑडियो ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली शुरू करने का आग्रह किया

दिल्ली: विस अध्यक्ष ने उपराज्यपाल से ऑडियो ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली शुरू करने का आग्रह किया
Modified Date: March 17, 2026 / 06:44 pm IST
Published Date: March 17, 2026 6:44 pm IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग पैदल यात्रियों की मदद के लिए ऑडियो ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली लगाने का आग्रह किया।

गुप्ता ने 16 मार्च को लिखे पत्र में बुजुर्ग और दिव्यांग पैदल यात्रियों को रोजाना होने वाली दिक्कतों पर चिंता जताई और शहर में बड़ी संख्या में लोगों को होने वाली दृश्यता संबंधी समस्याओं का उल्लेख किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि दिल्ली में करीब 60 लाख लोग विभिन्न प्रकार की दृष्टि संबंधी समस्याओं से पीड़ित हैं।

उन्होंने कहा कि अनुमानित 12 से 18 लाख लोग गंभीर दृष्टि समस्या का सामना कर रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या वरिष्ठ नागरिकों की है।

गुप्ता ने कहा कि वर्तमान यातायात सिग्नल प्रणाली उन लोगों के लिए सुविधाजनक नहीं है जो दृश्य संकेतों पर निर्भर नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि सड़क पार करने की सुलभ सुविधाओं की कमी दुर्घटनाओं का खतरा पैदा करती है और बड़ी आबादी की आवाजाही को सीमित करती है।

विधानसभा अध्यक्ष ने उल्लेख किया कि जापान, ब्रिटेन, अमेरिका, हॉंग कांग और सिंगापुर जैसे कई देशों में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक सिग्नल में ऑडियो निर्देशों को सम्मलित किया गया है।

उन्होंने कहा कि जापान में ट्रैफिक सिग्नल में मधुर धुन या पक्षियों की चहचहाहट का उपयोग किया जाता है, जिससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित रूप से सड़क पार करने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि ऑडियो सिग्नल की स्थापना से दिल्ली में दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और पैदल यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है।

भाषा राखी धीरज

धीरज


लेखक के बारे में