सिख गुरु के अपमान के मामले में दिल्ली विधानसभा ने पंजाब के अधिकारियों को तलब किया

सिख गुरु के अपमान के मामले में दिल्ली विधानसभा ने पंजाब के अधिकारियों को तलब किया

सिख गुरु के अपमान के मामले में दिल्ली विधानसभा ने पंजाब के अधिकारियों को तलब किया
Modified Date: February 25, 2026 / 10:34 pm IST
Published Date: February 25, 2026 10:34 pm IST

नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) दिल्ली विधानसभा ने सिख गुरुओं के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष आतिशी की कथित टिप्पणियों के संबंध में पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सहित राज्य के अन्य अधिकारियों को शुक्रवार को विशेषाधिकार समिति के समक्ष पेश होने के लिए तलब किया है।

यह मामला जनवरी में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही के एक वीडियो क्लिप से संबंधित है, जिसके आधार पर भाजपा विधायकों ने आतिशी पर सिख गुरुओं के खिलाफ ‘अपमानजनक’ टिप्पणी करने का आरोप लगाया था।

विधानसभा सचिवालय ने पंजाब सरकार के गृह विभाग के अवर सचिव को लिखे पत्र में कहा कि राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को 27 फरवरी को समिति के समक्ष अपना पक्ष स्पष्ट करने का पर्याप्त अवसर दिया जाएगा।

समिति ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह द्वितीय), डीजीपी और जालंधर पुलिस आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए तलब किया है।

आतिशी की कथित टिप्पणियों पर विवाद शुरू होने के बाद, पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और भाजपा नेताओं द्वारा साझा किए गए वीडियो क्लिप के संबंध में जालंधर में मामला दर्ज किया गया। एक फॉरेंसिक प्रयोगशाला रिपोर्ट में दावा किया गया कि वीडियो क्लिप को छेड़छाड़ करके तैयार किया गया है।

हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के निर्देश पर की गई वीडियो क्लिप की फॉरेंसिक जांच में इसे असली पाया गया।

विशेषाधिकार समिति को दिए अपने जवाब में आतिशी ने अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया और घटना वाले दिन विधानसभा की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की मांग की।

अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा को अभी तक पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी की प्रतियां, राज्य में किए गए फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट समेत तकनीकी विशेषज्ञों की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।

भाषा संतोष माधव

माधव


लेखक के बारे में