नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने गंगा विहार इलाके में ‘सेक्स्टॉर्शन’ के जरिए एक व्यक्ति से 5.80 लाख रुपये ठगने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक निवासी की शिकायत पर जिले के साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ऑनलाइन डरा-धमकाकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई।
शिकायत के अनुसार, छह मई को पीड़ित को एक महिला की वीडियो कॉल आई, जो उसके सोशल मीडिया दोस्तों में से एक होने का नाटक कर रही थी; कॉल के दौरान कथित तौर पर उसकी जानकारी के बिना एक अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किया गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद पीड़ित से पुलिस अफसर, सोशल मीडिया अधिकारी और सरकारी अधिकारी बनकर लोगों ने संपर्क किया और धमकी दी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वे वीडियो सार्वजनिक कर देंगे और उसे आपराधिक मामलों में फंसा देंगे।
पुलिस ने बताया, “गिरफ्तारी और सार्वजनिक रूप से बेइज्जती के डर से शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक खातों, यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड के जरिए कई किश्तों में लगभग 5.80 लाख रुपये अंतरित किए।
जांच के बाद, पुलिस ने धोखाधड़ी से ठगी गई रकम का कुछ हिस्सा ‘म्यूल’ बैंक खातों में होने का पता किया और शनिवार को फरीदाबाद के रहने वाले राजेश (18), कुणाल (22) और इमरान (23) को गिरफ्तार कर लिया।
‘म्यूल’ खाता एक ऐसा बैंक खाता होता है, जिसका इस्तेमाल साइबर अपराधी लोगों से ठगे गए अवैध पैसे को एक जगह से दूसरी जगह अंतरित करने या छिपाने के लिए करते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इमरान से वह मोबाइल फोन बरामद किया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर अपराध में किया गया था।
पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर राजस्थान के मेवात इलाके से चल रहे एक ‘सेक्सटॉर्शन गिरोह’ की मिलीभगत का खुलासा किया। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच चल रही है।
भाषा प्रशांत जोहेब
जोहेब
जोहेब