ईस्ट रदरफोर्ड, 20 जुलाई (एपी) फ्रांस के कीलियन एमबाप्पे लगातार दो विश्व कप में ‘गोल्डन बूट’ जीतने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का ‘गोल्डन बॉल’ पुरस्कार लियोनेल मेस्सी को नहीं बल्कि स्पेन के कप्तान रौड्री को मिला ।
स्पेन ने अर्जेंटीना का लगातार दूसरा विश्व कप जीतने का सपना तोड़ा और उसके कप्तान रौड्री ने मेस्सी को व्यक्तिगत पुरस्कार से भी वंचित कर दिया ।
सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का ‘गोल्डन ग्लव’ पुरस्कार टूर्नामेंट में महज एक गोल गंवाने वाले स्पेन के युनाइ सिमोन ने जीता जबकि स्पेन के ही पाउ कुबारासी ने अपनी ही टीम के लामिन यमाल को पछाड़कर सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल किया ।
फाइनल में अर्जेंटीना को स्पेन ने एक गोल से हरा दिया और लियोनेल मेस्सी एक भी गोल नहीं कर सके ।
मेस्सी को रिकॉर्ड तीसरी बार ‘गोल्डन बॉल’ मिलने की उम्मीद थी जो दो बार यह पुरस्कार जीत चुके हैं । 39 वर्ष की उम्र में लगातार दूसरी बार अर्जेंटीना को फाइनल तक ले जाने के कारण उनका दावा मजबूत भी था लेकिन स्पेन को 2010 के बाद दूसरा खिताब दिलाने वाले कप्तान रौड्री को चुना गया ।
मैनचेस्टर सिटी के मिडफील्डर रौड्री ने टूर्नामेंट में कोई गोल नहीं किया लेकिन मिडफील्ड में पासिंग और गेंद पर नियंत्रण के कारण स्पेन की जीत के सूत्रधार रहे । वह युएफा चैम्पियंस लीग, बलोन डिओर और विश्व कप जीतने वाले 11वें पुरूष खिलाड़ी बने ।
एमबाप्पे ने इस विश्व कप में कुल दस गोल किये और चार में सहायक रहे । मेस्सी ने आठ गोल किये और चार में सहायक रहे । विश्व कप के पिछले 12 मैचों में पहली बार मेस्सी गोल या सहायता नहीं कर सके ।
फ्रांस की टीम तीसरे स्थान के मुकाबले में इंग्लैंड से हार गई थी ।
मेस्सी ने अपने कैरियर में कभी भी ‘गोल्डन बूट’ नहीं जीता हालांकि आखिरी सप्ताह में वह दौड़ में सबसे आगे चल रहे थे । एमबाप्पे और मेस्सी दोनों के सेमीफाइनल तक आठ आठ गोल थे लेकिन सहायता के मामले में मेस्सी एक गोल से आगे थे ।
एमबाप्पे ने इंग्लैंड से 4 . 6 से मिली हार में दो गोल दागे । वह जर्मनी के गर्ड म्यूलर (1970) के बाद विश्व कप में दस गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए । उनके विश्व कप कैरियर में 22 गोल हो गए हैं जबकि मेस्सी के 21 गोल हैं ।
एमबाप्पे ने 2022 में कतर में हुए विश्व कप में भी ‘गोल्डन बूट’ जीता था जब फ्रांस को फाइनल में अर्जेंटीना ने हराया था ।
‘गोल्डन बॉल’ , ‘गोल्डन ग्लव’ और सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी के पुरस्कार के लिये चयन फीफा के तकनीकी अध्ययन समूह द्वारा तैयार की गई सूची में से मीडिया के सदस्यों के वोट के आधार पर किया जाता है ।
एपी
मोना
मोना