नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक महिला यात्री से छेड़छाड़ के आरोप में 34 वर्षीय बाइक टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना 12 मार्च को हुई जब महिला ने रोहिणी से पीतमपुरा जाने के लिए मोबाइल ऐप के जरिए बाइक टैक्सी बुक की थी।
पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला बाइक पर यात्रा कर रही थी, तभी आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की।
अधिकारियों के अनुसार जब महिला ने विरोध किया तो चालक ने उसे शोर नहीं मचाने की धमकी दी। बाद में उसने महिला को पीतमपुरा के एफयू ब्लॉक के पास उतार दिया गया, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।
शिकायत के आधार पर 14 मार्च को केएनके मार्ग थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान दिल्ली के बदली गांव निवासी सचिन के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के दौरान इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दसवीं पास है और पिछले एक वर्ष से ऐप आधारित बाइक टैक्सी चालक के रूप में काम कर रहा था। सत्यापन के दौरान यह भी पता चला कि वह वर्ष 2011 में समयपुर बादली थाने में दर्ज दहेज हत्या के एक मामले में भी शामिल रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
महिला ने पीटीआई-भाषा को बताया कि चालक ने यात्रा शुरू होने के कुछ ही सेकंड बाद तेज गति से बाइक चलाना शुरू कर दिया और जब उसने धीमे चलाने को कहा तो चालक ने उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया।
महिला ने कहा, “चालक ने तीखे लहजे में कहा कि वह केवल 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चला रहा है और मैं खुद जांच कर सकती हूं। लेकिन इसके बाद उसने गति और तेज कर दी।”
महिला ने आरोप लगाया कि चालक बार-बार अचानक ब्रेक लगा रहा था ताकि वह उससे टकरा जाए और जानबूझकर गड्ढों से तेज रफ्तार में बाइक गुजार रहा था, जिससे तेज झटके लग रहे थे।
उसने कहा, “मैंने उससे कई बार ठीक से बाइक चलाने को कहा, लेकिन उसने मुझे चुपचाप बैठने को कहा।”
महिला ने आरोप लगाया, “कुछ देर बाद उसने मुझे छूना शुरू कर दिया। जब मैंने विरोध किया तो उसने धमकी दी।’’
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश