दिल्ली भाजपा ने खरगे के खिलाफ ‘जहरीले सांप’ वाली टिप्पणी को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी
दिल्ली भाजपा ने खरगे के खिलाफ 'जहरीले सांप' वाली टिप्पणी को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी
नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा भाजपा और आरएसएस के खिलाफ की गई टिप्पणी के संबंध में पुलिस आयुक्त को एक शिकायत सौंपी है।
खरगे ने सोमवार को असम में एक चुनाव प्रचार के दौरान, कथित तौर पर कुरान का हवाला देते हुए कहा था कि अगर आपके सामने से कोई जहरीला सांप गुजर रहा हो, तो नमाज पढ़ते हुए भी आपको नमाज छोड़कर उस जहरीले सांप को मार देना चाहिए। खरगे ने कथित तौर पर कहा, ‘‘आरएसएस और भाजपा जहरीले सांप हैं।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के एक बयान में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष का बयान ना केवल भाजपा के खिलाफ मुस्लिम समुदाय में ‘नफरत और हिंसा’ फैलाने का एक प्रयास है, बल्कि चुनाव प्रचार नियमों का स्पष्ट उल्लंघन भी है।
प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली से भाजपा सांसदों मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी और कमलजीत सहरावत के अलावा राज्य मीडिया विभाग के प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर भी शामिल थे।
भाजपा की शिकायत में कहा गया है कि खरगे ने भाजपा की तुलना ना केवल एक जहरीले सांप से की, बल्कि एक विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाओं को भड़काने का प्रयास भी किया। इसमें कहा गया है कि खरगे की टिप्पणी चुनाव प्रचार नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
चूंकि कांग्रेस का मुख्यालय दिल्ली में स्थित है, इसलिए भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से भाषण का संज्ञान लेने, प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया।
असम विधानसभा की 126 सीट के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा। मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा
अमित माधव
माधव

Facebook


