दिल्ली इमारत हादसा: एबीवीपी ने निगम आयुक्त के इस्तीफे की मांग की; निगम मुख्यालय में ‘तोड़फोड़’
दिल्ली इमारत हादसा: एबीवीपी ने निगम आयुक्त के इस्तीफे की मांग की; निगम मुख्यालय में ‘तोड़फोड़’
नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सत्य निकेतन इमारत हादसे को लेकर दिल्ली नगर निगम के आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान संगठन के सदस्यों ने ‘सिविक सेंटर’ के कुछ हिस्सों में कथित तौर पर तोड़फोड़ की।
पुलिस के अनुसार, सत्य निकेतन में रविवार को इमारत ढहने की घटना में अब तक छह लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है और कई लोग घायल हो गए हैं।
इस हादसे के बाद निगम की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध जताने के लिए रविवार को एबीवीपी के लगभग 150-200 सदस्य नगर निगम मुख्यालय पर एकत्र हुए।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारी गेट नंबर-5 से सिविक सेंटर में दाखिल हुए और मुख्य भवन के बाहर धरना दिया, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए एमसीडी से जवाबदेही तय करने की मांग की।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने एमसीडी कार्यालय के कुछ हिस्सों में कथित तौर पर तोड़फोड़ की और सिविक सेंटर के मुख्य भवन में जबरन घुसने का प्रयास किया। इसके कारण प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस करीब 15 छात्रों को हिरासत में लेकर कमला मार्केट थाने ले गई, जहां दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद बाकी प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया गया और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


