दिल्ली: वर्षों से झुक रही इमारत, निवासियों ने नगर निगम पर लगाया लापरवाही का आरोप

दिल्ली: वर्षों से झुक रही इमारत, निवासियों ने नगर निगम पर लगाया लापरवाही का आरोप

दिल्ली: वर्षों से झुक रही इमारत, निवासियों ने नगर निगम पर लगाया लापरवाही का आरोप
Modified Date: September 8, 2026 / 07:26 pm IST
Published Date: September 8, 2026 7:26 pm IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) उत्तरी दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में एक आवासीय इमारत करीब एक दशक में कई बार झुक चुकी है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि खराब सीवर लाइन के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई और नगर निकायों ने स्थायी समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।

एक निवासी ने मंगलवार को मीडिया से कहा, “खराब सीवर लाइन के कारण इमारत झुकने लगी थी। इसे एक बार तोड़कर दोबारा बनाया गया था। लेकिन कुछ ही वर्षों में फिर वही समस्या दोबारा सामने आ गई।”

निवासी ने बताया कि यह इमारत आठ साल से अधिक पुरानी नहीं है और इसे एक से अधिक बार तोड़कर बनाया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि हाल में करीब तीन साल पहले इसका पुनर्निर्माण किया गया था लेकिन इमारत फिर से झुक गयी। निवासी ने आरोप लगाया, “हम लगातार शिकायत करते रहते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। इससे पहले किसी भी सरकारी एजेंसी, न तो दिल्ली जल बोर्ड और न ही नगर निगम (एमसीडी) ने उचित रखरखाव किया।”

निवासी ने यह भी आरोप लगाया कि पास के गांधी विहार के एफ ब्लॉक में कम से कम 400 आवासीय इकाइयां किसी न किसी दिशा में झुकी हुई हैं।

दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली नगर निगम ने इस मामले पर पूछे गए सवालों का तत्काल जवाब नहीं दिया।

यह मामला ऐसे समय सामने आया जब रविवार को दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढहने से सात लोगों की मौत हो गई।

इस घटना के बाद शहर में अवैध निर्माण और जर्जर इमारतों की स्थिति को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ गई हैं।

एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि सत्य निकेतन में गिरी इमारत से लगी एक अन्य इमारत को खाली कराया जा रहा है, जिसे खतरनाक घोषित किया गया था।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में