दिल्ली बस दुष्कर्म मामला: सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से बस के मार्ग को खंगाल रही पुलिस
दिल्ली बस दुष्कर्म मामला: सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से बस के मार्ग को खंगाल रही पुलिस
नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस बस में 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की जांच के तहत यह पता लगा रही है कि गाड़ी किन सड़कों से गुजरी थी। इसके लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और एक आरोपी के मोबाइल फोन की लोकेशन का सहारा ले रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ताओं को यह भी पता चला है कि जुलाई में उत्तर प्रदेश में इस वाहन का आठ बार चालान किया गया था और ज्यादातर चालान तेज गति से गाड़ी चलाने के लिए हुए थे।
पुलिस ने बताया कि 23 जुलाई को हमीरपुर में बिना परमिट के बस चलाने के आरोप में 23,000 रुपये का चालान काटा गया था, जबकि आठ में से पांच चालान मथुरा में काटे गए थे। चालानों की कुल राशि 54,000 रुपये थी।
जांच के अनुसार, यह बस अप्रैल में खरीदी गई थी और 28 अप्रैल को फिरोजाबाद में पंजीकृत की गई थी।
पुलिस चार अगस्त की रात बस किन सड़कों से गुजरी, यह पता लगाने के लिए कश्मीरी गेट, तिमारपुर पार्किंग और ग्रेटर नोएडा के परी चौक समेत कई जगहों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
एक कैमरे में बस को हनुमान मंदिर फ्लाईओवर पर देखा गया है, जिसके बारे में जांचकर्ताओं का मानना है कि इससे बस के मार्ग को स्थापित करने में मदद मिलेगी।
पुलिस के अनुसार पीड़िता के कपड़े को फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह बात सामने आई है कि बस कंपनी द्वारा आरोपियों का कोई सत्यापन नहीं कराया गया था। दोनों आरोपी कानपुर के रहने वाले हैं।
पिछले महीने की शुरुआत में बारिश के बीच रात में ग्रेटर नोएडा से बस में सवार हुई लड़की के साथ बस के चालक और परिचालक ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसे 40 किलोमीटर से अधिक दूर राष्ट्रीय राजधानी के कश्मीरी गेट इलाके में छोड़ दिया।
घटना चार अगस्त की रात की है, जब उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली पीड़िता नोएडा में अपने रिश्तेदार से मिलने जा रही थी। सूत्रों के मुताबिक, तीन अगस्त को लड़की की मां ने उसे डांटा था, जिससे नाराज होकर चार अगस्त को उसने अपना घर छोड़ दिया था। वह नोएडा सेक्टर 63 के लिए बस में चढ़ी, जहां उसका एक करीबी रिश्तेदार रहता है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि तेज़ बारिश हो रही थी और उसे एहसास हुआ कि वह अपने रिश्तेदार के घर से लगभग 25 किमी दूर है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि जब वह परिवहन के साधन की तलाश कर रही थी, तब एक बस उसके पास आकर रुकी।
पुलिस के अनुसार, परिचालक ने कथित तौर पर लड़की से कहा कि वे नोएडा सेक्टर 63 जा रहे हैं और उसे वहां छोड़ देंगे। पुलिस के मुताबिक, उसकी बातों पर भरोसा कर वह बस में चढ़ गई।
अपनी आपबीती बताते हुए पीड़िता ने कहा कि परिचालक ने कथित तौर पर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया और उसका यौन उत्पीड़न किया, जिसमें चालक भी शामिल था। इसके बाद उसे कश्मीरी गेट इलाके में बस से उतार दिया गया।
बाद में वह एक ऑटो-रिक्शा से थाने पहुंची, जहां उसने घटना की सूचना दी।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


