दिल्ली: मामूली विवाद में कपड़ा विक्रेता की हत्या, एक व्यक्ति घायल
दिल्ली: मामूली विवाद में कपड़ा विक्रेता की हत्या, एक व्यक्ति घायल
नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) दिल्ली में कार के ‘साइड मिरर’ को पहुंचे नुकसान के बाद उभरी पुरानी रंजिश में एक कपड़ा विक्रेता की चाकू घोपकर हत्या कर दी गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत चार लोगों को पकड़ा है।
पुलिस ने बताया कि गौतमपुरी इलाके में हुई चाकूबाजी की इस घटना के संबंध में बदरपुर थाने में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) पर बृहस्पतिवार रात 10 बजे सूचना प्राप्त हुई।
पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां भीड़ जुटी हुई थी और घटनास्थल पर खून के धब्बे पाए गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कार का साइड मिरर टूटने के बाद कहासुनी शुरू हुई। दोनों समूहों के बीच पुरानी रंजिश के कारण इस कहासुनी ने जल्द हिंसक रूप ले लिया।’’
पुलिस के अनुसार पीड़ितों की पहचान कपड़ा विक्रेता अरुण (25) और एम्स में सफाई कर्मी शिवम (25) के रूप में हुई। पुलिस ने कहा कि चाकूबाजी में घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
अरुण की गंभीर घाव के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि शिवम का इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी समेत 16 वर्षीय दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया जबकि अमर (25) और विक्की (31) सहित दो अन्य को गिरफ्तार किया गया।
भाषा
यासिर पवनेश
पवनेश

Facebook


