दिल्ली की मुख्यमंत्री ने लक्ष्मी योजना का ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने लक्ष्मी योजना का ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने लक्ष्मी योजना का ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया
Modified Date: August 1, 2026 / 03:13 pm IST
Published Date: August 1, 2026 3:13 pm IST

नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया। इस योजना के तहत राष्ट्रीय राजधानी की पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘दिल्ली लक्ष्मी योजना एक ऐसी योजना है जो दिल्ली की बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। सरकार ने इसके लिए 5,100 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। इसका पोर्टल आज से शुरू हो गया है और पंजीकरण भी शुरू हो चुका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि लगभग 500 बहन इस पोर्टल पर सफलतापूर्वक आवेदन कर चुकी हैं।’’

दिल्ली मंत्रिमंडल ने मंगलवार को इस योजना को मंजूरी दी थी। यह योजना पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख चुनावी वादों में शामिल थी।

योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार, 21 से 60 वर्ष की आयु वाली वे महिलाएं आवेदन कर सकेंगी, जिनके परिवार की सालाना आय 2.50 लाख रुपये तक है।

योजना के नियमों के अनुसार, किसी भी अन्य वित्तीय सहायता योजना या पेंशन का लाभ ले रही महिलाओं, करदाताओं, सरकारी कर्मचारियों और तीन से अधिक बच्चों वाली महिलाओं को इस योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। इसके अलावा जिन परिवारों की वार्षिक बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक है, वे भी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।

इसके अलावा, जिन महिलाओं के परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी में है या किसी सदस्य के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज है या फिर परिवार के पास चार पहिया वाहन है, उन्हें भी इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

कुल 2,500 रुपये की सहायता राशि में से 1,500 रुपये तीन साल के लिए सावधि जमा (एफडी) में जमा किए जाएंगे। यह राशि तीन साल से पहले नहीं निकाली जा सकेगी। ऐसे में महिलाओं को हर महीने सीधे 1,000 रुपये ही मिलेंगे।

भाषा प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में